*सड़क मरम्मती की मांग को लेकर सियारशुलि के ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन*
*ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए किया आगामी विस चुनाव में वोट बहिष्कार का ऐलान*
*कुंडहित(जामताड़ा)*
कुंडहित प्रखंड के सियारशुलि गांव के ग्रामीणों ने सड़क मरम्मती की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में वोट बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने कहा कि झारखंड अलग हुए 24 साल हो चुके हैं, लेकिन हमारे गांव की सड़क आज भी जर्जर स्थिति में है, सड़क पर आवागमन करने में डर लगने लगा है|
बताया कि सड़क खराब रहने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है| ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय,हटिया एवं पंचायत जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मामले में पंचायत समिति सदस्य सह समाजसेवी सुकुमार बाउरी ने कहा कि एकीकृत बिहार के समय यहां ग्रेड वन सड़क का निर्माण किया गया था। झारखंड राज्य को बने 24 साल हो गए लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया|
प्रखंड व जिला प्रशासन के साथ साथ जन-प्रतिनिधियों ने भी उदासीनता बरती, सड़क की ना तो मरमती की गई और ना ही नयी सड़क बनी| उन्होंने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर निकले हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय, पंचायत, हटिया बाजार आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।कहा कि इस सड़क पर विधायक,एमपी किसी की नजर नहीं है। सिर्फ वोट मांगने आते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे ग्रामीण नौजवानों ने निर्णय लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में हम लोग वोट बहिष्कार करेंगे।
जब तक सड़क की मरमती नहीं होगी, तब तक वोट नहीं देंगे। कहा कि इस सड़क के बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी, उपायुक्त एवं पंचायत के मुखिया को भी लिखित आवेदन दिया गया है। अगर सड़क की मरम्मती नहीं हुई तो आगे भी इस तरह का आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीण साधन कुमार मंडल ने कहा कि हमारे गांव की जर्जर सड़क के कारण कई बार लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। कहा कि नदी पर पुलिया भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हम लोग मजबूर होकर यह आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग है कि विधानसभा चुनाव तक अगर रोड नहीं बनेगी तो वोट का बहिष्कार करेंगे।
मौके पर विप्लब मंडल, सुशील माजी, भागीरथ घोष, साधन कुमार मंडल ,अजय मंडल, साबूज घोष,सनत माजी,सुरेश माजी, मिलन माल,जयदेव माल श्रीकांत माजी, प्रभाकर माजी आदि ग्रामीण उपस्थित थे।
