*रामगढ़ थाना क्षेत्र के महुबना गांव से तीन दिनों से लापता दो नाबालिग लड़कियों का अबतक नहीं मिला कोई सुराग*
*परिजनों ने रामगढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर किया है लड़कियों का पता लगाने का अनुरोध*
*रामगढ़(दुमका)*
*रिपोर्ट – बजरंग अग्रवाल*
तीन दिनों से लापता रामगढ़ थाना क्षेत्र के महुबना गांव की दो नाबालिग लड़कियों का अब तक कुछ अता पता नहीं चल पाया है। बताते चलें कि रविवार की सुबह लगभग 8:00 बजे से दोनों गायब हैं। पुलिस भी संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मगर अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। बताते चलें कि दोनों लड़कियां बचपन से आपस में सहेली हैं। दोनों का घर भी आस-पास में ही है। दोनों लड़कियां राजकीय कृत इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय रामगढ़ में इंटर में पढ़ती हैं।
रविवार की प्रातः 8:00 के आस-पास दोनों लड़कियां स्नान करने के लिए तालाब जाने की बात कह कर अपने-अपने घर से निकली थी। जब कई घंटे तक दोनों वापस घर नहीं आई तो दोनों के परिजनों ने खोजबीन शुरू की। किंतु दोनों का पता नहीं चला। गायब लड़कियों में से एक का नाम पायल कुमारी पिता घनश्याम मंडल तथा दूसरी का नाम रूपा कुमारी पिता रामवृक्ष पंडित है।दोनों महुबना ग्राम के शिव मंदिर रोड निवासी हैं।
रविवार एवं सोमवार तक खोजबीन के बाद भी जब दोनों का पता नहीं लगा तो दोनों लड़कियों के परिजनों ने रामगढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर गायब लड़कियों का पता लगाने का अनुरोध पुलिस अधिकारियों से किया है। पायल कुमारी की माता बिंदु देवी तथा रूपा कुमारी की मां बेबी देवी ने रामगढ़ थाना में लिखित आवेदन दिया है।दोनों ही लड़कियों के पिता रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर हैं। पायल कुमारी के पिता घनश्याम मंडल पाकुड़ में काम करते हैं जबकि रूपा के पिता किसी अन्य प्रांत में काम करते हैं।
लड़कियों के परिजनों के अनुसार दोनों लड़कियां घर से कोई सामान या पैसे लिए बिना ही घर से निकली हैं। उन लोगों के पास मोबाइल फोन भी नहीं है। जिस तालाब में नहाने की बात कह कर दोनों घर से निकली थी, उसे तालाब में पानी भी ज्यादा नहीं है। जिसकी वजह से तालाब में डूबने की संभावना भी नहीं है। बहरहाल दो लड़कियों का एक साथ गायब हो जाना महुबना एवं आस-पास के गांवों में चर्चा का विषय बन गया है।
*क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी*
मामले में रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि महुबना गांव से दो नाबालिग लड़कियों के गायब होने की लिखित शिकायत थाना में दी गई है। पुलिस मामले में सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। लड़कियों का शीघ्र ही पता लगा लिया जाएगा।
