*भारतीय सेना के डर से छटपटा रहा पाकिस्तान, एलओसी पर लगातार तीसरे दिन फायरिंग; भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब*
*नई दिल्ली*
*अभिषेक दीक्षित की रिपोर्ट*
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही भारत लगातार पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। पाकिस्तान को हर पल यही डर सता रहा है कि भारत का बदला बहुत ही खतरनाक और निर्णायक होगा। इसी डर की वजह से पाकिस्तान छटपटा रहा है और लगातार नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर फायरिंग कर रहा है। उसने लगातार तीसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारत ने भी इस फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारतीय सेना के मुताबिक, 26-27 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। हमारे सैनिकों ने उचित छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बिना उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। यह लगातार तीसरी रात थी, जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बिना उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने उचित छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।
