*बासुकीनाथ के विभिन्न वार्डों में पेयजल की समस्या से त्रस्त लोग हुए गोलबंद*
*जलापूर्ति चालू नहीं होने पर नगर पंचायत एवं पीएचईडी के पदाधिकारियों का पुतला दहन करने का दिया अल्टीमेटम*
*जरमुंडी(दुमका)*
*जरमुंडी ब्यूरो की रिपोर्ट*
नगर पंचायत बासुकीनाथ के विभिन्न वार्डों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले कई दिनों से सुचारू रूप से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने जरमुंडी बाजार स्थित पानी टंकी के समीप यात्री सेड में सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मंडल की अगुवाई में एक बैठक का आयोजन किया। समाजसेवी निरंजन मंडल ने बताया कि बासुकीनाथ नगर पंचायत के वार्डों में विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से पेयजल की अनियमित आपूर्ति की जा रही है जिसके कारण पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है और लोगों को दैनिक उपयोग के जरूरत का पानी बाजार से खरीदना पड़ रहा है।
अपनी समस्या को लेकर नगर पंचायत कार्यालय एवं पीएचईडी कार्यालय बासुकीनाथ में कई बार शिकायत की गई लेकिन उनके रवैए में कोई सुधार नहीं हुआ और लोग पानी के तरस रहे हैं। पेयजल समस्या के समाधान को लेकर लोगों ने एक बैठक कर निर्णय लिया कि अगर आगामी मंगलवार तक पेयजल आपूर्ति की सुविधा सुचारू रूप से बहाल नहीं किया गया तो लोग सड़क पर उतरने को विवश हो जाएंगे और बुधवार को नगर पंचायत एवं पीएचईडी विभाग के पदाधिकारियों का पुतला दहन किया जाएगा। मौके पर रामगोपाल साह, अमीन मिस्त्री, जय किशोर साह, विकास कुमार गण, निमाई बाउरी, महेंद्र साह, विवेक गुप्ता, दीपक कुमार शर्मा, श्रवण कुमार, सुरेश मंडल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
