*जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त का अवैध खनन, परिवहन व भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश*
*दुमका*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
मंगलवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।
बैठक में उपायुक्त ने अवैध पत्थर, बालू व कोयला खनन की रोकथाम के लिए पूर्व की बैठक में लिये गए निर्णय के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की। जिला खनन पदाधिकारी द्वारा की गयी कार्रवाई का ब्योरा लिया। डीसी ने खनन पदाधिकारी को अवैध खनन, परिवहन, भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अवैध रूप से खनिज लदे वाहनों की भी जांच करने का निर्देश दिया। कहा कि अवैध खनन रोकने की दिशा में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी से समन्वय बनाकर संबंधित विभाग कड़ा रूख अख्तियार करें। उन्होंने कहा कि खनन कार्यों में एनजीटी का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। बालू उठाव केवल स्टॉक यार्ड से ही हो यह सुनिश्चित कर लें।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचल के अंचल अधिकारी,पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।
