*आगामी दुर्गा पूजा को लेकर रामगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आहूत*
*सभी पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कम से कम 10 वोलंटियर्स की नियुक्ति करने का निर्देश*
*रामगढ़(दुमका)*
*रामगढ़ ब्यूरो की रिपोर्ट*
आगामी दुर्गा पूजा को शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए गुरुवार को रामगढ़ थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल के साथ ही प्रखंड भर के सभी पूजा कमेटी के सदस्यों के साथ रामगढ़ के गणमान्य मौजूद थे। बैठक के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार डीजे बजाने पर पूरी तरह से रोक रहेगा। पूजा के दौरान कम साउंड वाले बाजा की अनुमति रहेगी।
बैठक में उन्होंने रामगढ़ बाजार, भालसुमर, महुबना तथा गम्हरियाहाट पुजा कमेटी को अपना लाइसेंस नवीकरण कराने का निर्देश दिया| साथ ही गैर लाइसेंसी पूजा कमेटी के सदस्यों को लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सभी पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कम से कम 10 वोलंटियर्स की नियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अगर कहीं से कोई अमर्यादित पोस्ट करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दे।
गलत मैसेज को फारवर्ड न करें। जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल ने सभी को शांतिपूर्ण ढंग से दुर्गा पूजा का त्योहार मनाने की अपील की, खासकर रामगढ़ के सुप्रसिद्ध भालसुमर मंदिर के सदस्यों को पूर्व की भांति प्रतिमा स्थापित करने का निर्देश देते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा करने का अनुरोध किया । रामगढ़, महुबना,भालसुमर तथा सारमी के पूजा कमेटी के द्वारा सप्तमी से रामगढ़ दुमका तथा रामगढ़ हंसडीहा मार्ग पर शाम 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक नो एंट्री लगाने जबकि अलग-अलग तिथियों को लगने वाले मेले के दौरान पूरे दिन बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया।
प्रशासन द्वारा सभी पूजा कमेटी को आश्वस्त किया गया कि सप्तमी से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सभी पंडालो में जरुरत के अनुसार महिला बल तथा पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मौके पर दिवाकर मंडल, नन्दलाल राउत, ललन भगत, राजेश गुप्ता, जयप्रकाश अग्रवाल, नवनीत शेखर, गौतम मांझी, चन्द्रशेखर सोरेन, मुहम्मद गुलाम अंसारी, रुस्तम अंसारी सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
