*सैकड़ों बार सांप से कटवा चुके व्यक्ति के खून से वैज्ञानिकों ने बनाई स्नेक वैक्सीन; अब तक की सबसे असरदार*
*नई दिल्ली*
*शिव शुक्ला की रिपोर्ट*
सैकड़ों बार जहरीले सांपों से कटवा चुके एक व्यक्ति के रक्त से अबतक की सबसे असरदार स्नेक वैक्सीन बनाई गई है। वैज्ञानिकों ने बताया इस वैक्सीन को बनाने में ऐसे व्यक्ति द्वारा दान किए गए रक्त का उपयोग हुआ है जिसने सांप के अत्यधिक बार काटने की वजह से सांप के जहर के प्रति हाईपर इम्युनिटी विकसित कर ली है।
टिम फ्रीडे नाम के अमेरिकी शख्स ने खुद को सैकड़ो बार जहरीले सांपों से कटवाया है। वैज्ञानिक अब उनके खून का सैम्पल लेकर एंटीवेनम (सांप के जहर को बेअसर करने वाली दवा) बना रहे हैं। सांपों के काटने से लोगों को बचाने की जिज्ञासा के चलते फ्रीडे ने खुद को सांपों के जहर की छोटी खुराक देनी शुरू की। धीरे-धीरे खुराक बढ़ाकर उन्होंने शरीर में जहर सहने की ताकत विकसित की और फिर सांपों से कटवाना शुरू किया।
सेल पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि नव विकसित एंटीवेनम चूहों को ब्लैक माम्बा, किंग कोबरा और टाइगर सांपों के विष से बचा सकता है। जर्नल ने बताया कि फ्रीडे के खून से 2 एंटीबॉडीज मिलीं हैं जो कई सांपों के जहर को बेअसर करती हैं। इसका लक्ष्य एक ऐसा इलाज बनाना है जो कई सांपों के जहर पर काम करे। यह शोध शुरुआती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के आंकड़ों के अनुसार हर साल लगभग 81,000 से 1,38,000 लोग सांप के काटने से मर जाते हैं जिनमें से अधिकांश अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका में होते हैं।
