*संयुक्त राष्ट्र का बड़ा दावा: गाजा में इस्राइली सैनिकों ने 15 फलस्तीनी चिकित्सकों को मारकर सामूहिक कब्र में दफनाया*
*नई दिल्ली*
*दीपक कुमार शर्मा की रिपोर्ट*
संयुक्त राष्ट्र ने इस्राइली सैनिकों पर दक्षिणी गाजा में 15 फलस्तीनी चिकित्सकों को मारने का आरोप लगाया। यूएन ने दावा किया कि सभी चिकिस्तकों को मारने के बाद सामूहिक कब्र में दफना दिया गया, जहां क्षतिग्रस्त एंबुलेंस भी पाई गई। आरोप है कि इस्राइली सैन्य बुलडोजरों ने चिकिस्तकों के शव और एंबुलेंस को कुचला था। वहीं, सोमवार को फलस्तीनियों की भारी भीड़ ने गाजा में नासिर अस्पताल के बाहर मारे गए चिकित्सकों और आपातकालीन कर्मियों का अंतिम संस्कार किया।
फलस्तीनी रेड क्रिसेंट ने आरोप लगाया कि श्रमिकों और उनके वाहनों पर स्पष्ट रूप से चिकित्सा चिह्न था। इसके बावजूद इस्राइली सैनिकों ने उन्हें बेदर्दी से मार दिया। वहीं, इस्राइली सेना ने कहा कि उन्होंने बिना पहचान वाले ‘संदिग्ध’ वाहनों पर गोलीबारी की।
*मृतकों में रेड क्रिसेंट के आठ कर्मचारी शामिल थे*
मृतकों में रेड क्रिसेंट के आठ कर्मचारी, गाजा की नागरिक सुरक्षा आपातकालीन इकाई के छह सदस्य और फलस्तीनियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी (UNRWA) का एक कर्मचारी शामिल था। इंटरनेशनल रेड क्रॉस/रेड क्रिसेंट ने कहा कि यह आठ वर्षों में उसके कर्मियों पर सबसे घातक हमला था।
