*शिकारीपाड़ा प्रखंड में मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं में बिचौलियों का वर्चस्व*
*बगैर इकरारनामा एवं कार्यादेश के ही जेसीबी मशीन से कराया जा रहा है आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य*
*शिकारीपाड़ा(दुमका)*
*शिकारीपाड़ा ब्यूरो की रिपोर्ट*
शिकारीपाड़ा प्रखंड में मनरेगा के तहत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में बिचौलियों का साम्राज्य कायम हो गया है| प्रखंड में सरकार द्वारा तय नियम- कानून कोई भी मायने नहीं रखते। मजदूरों की जगह मशीन से कार्य कर मजदूरों के नाम पर मजदूरी की निकासी की जा रही है। जिसका जीता जागता प्रमाण प्रखंड के शिवताला पंचायत अंतर्गत मनकाडीह गांव में आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य में देखा जा सकता है।
बिचौलिया द्वारा खुलेआम जेसीबी मशीन से नींव खुदाई का कार्य किया जा रहा है। प्रखंड अंतर्गत पूर्व में आंगनवाड़ी भवन निर्माण के नाम पर राशि निकालकर कार्य नहीं करने का मामला आज भी लंबित है, वही वर्तमान समय में नए आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए अभी प्रखंड कार्यालय से पंचायत कार्यालय को दिशा निर्देश जारी नहीं किया गया है, उसके बावजूद बगैर इकरारनामा एवं कार्यादेश के ही बिचौलियों द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
कार्य को करने के लिए आपस में राजमिस्त्री लड़ने भी लगे हैं| मंगलवार को मनकाडीह के समीम अंसारी पिता रफीक अंसारी ने शिकारीपाड़ा थाना में अपने ही गांव के इदरी अंसारी, सनोवर अंसारी एवं अब्दुल वहाब अंसारी के विरुद्ध मारपीट कर घायल करने का मामला दर्ज करने के लिए लिखित आवेदन दिया है| उनका कहना है कि ठेकेदार द्वारा पहले मुझे कार्य करने के लिए कहा गया था, लेकिन अब दूसरे लोग द्वारा कार्य प्रारंभ किया गया है| जिसको लेकर मैं पूछने गया तो उपरोक्त लोगों द्वारा मेरे साथ गाली गलौज मारपीट की गयी।
*क्या कहते हैं पदाधिकारी*
आंगनवाड़ी भवन निर्माण में जेसीबी मशीन द्वारा फाउंडेशन खुदाई को लेकर शिवताला पंचायत के पंचायत सचिव गौतम कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी व्यक्ति को कार्य करने का आदेश नहीं दिया गया है| अपने मन से ही लोग कार्य कर रहे हैं| भवन निर्माण के लिए अभी तक एक रुपया का भी भुगतान नहीं किया गया है।
मनरेगा के प्रभारी कार्यक्रम पदाधिकारी सुरेश टुडू से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि रोजगार सेवकों एवं मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के हड़ताल पर रहने के कारण मुझे वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कार्यक्रम पदाधिकारी का प्रभार प्राप्त हुआ है| आंगनवाड़ी भवन केंद्र निर्माण के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है और ना मेरे द्वारा आज तक किसी आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए राशि का भुगतान कराया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद एजाज आलम कहते हैं कि कार्यालय प्रधान सहायक एवं अन्य सहायकों के हड़ताल पर जाने से एक हफ्ता पूर्व ही 12 आंगनबाड़ी भवन केंद्रों के निर्माण के लिए सरकार एवं जिला स्तर से प्रखंड के विभिन्न पंचायत में प्रति आंगनवाड़ी भवन निर्माण के लिए ₹9,00000 नौ लाख की स्वीकृति प्रदान हुई है, जिसमें ₹2,00000 दो लाख समाज कल्याण से प्राप्त होना है तथा शेष राशि मनरेगा से खर्च होनी है।
आंगनवाड़ी भवन निर्माण का कार्य पंचायत सचिवों के नाम से होगा जिसके लिए अभी तक कार्य आदेश जारी नहीं किया गया है |अगर कोई अपने मन से काम कर रहा है तो इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। मनरेगा योजना के तहत किसी भी कीमत पर मशीन का प्रयोग नहीं करना है अगर कोई करता है तो उसपर कार्रवाई की जाएगी। मारपीट होने के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी हरिप्रसाद साह ने बताया कि शमीम अंसारी का आवेदन प्राप्त हुआ है उसकी जांच की जा रही है जांच पूर्ण होने के पश्चात न्याय संगत कार्रवाई की जाएगी।
