*विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आहूत*
*फूलो झानो आशीर्वाद अभियान के तहत महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार हेतु लाभ दें -रविन्द्र नाथ महतो*
*बोले-जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करें; मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसे सुनिश्चित करें अधिकारी*
*जामताड़ा*
आज शनिवार को परिसदन जामताड़ा सभागार में अध्यक्ष झारखण्ड विधानसभा रवीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा हेतु बैठक आहूत किया गया।
बैठक के पूर्व अध्यक्ष झारखण्ड विधानसभा के परिसदन आगमन पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्रीमती कुमुद सहाय एवं उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार द्वारा बुके देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण, आपूर्ति, भू अर्जन, पेयजल एवं स्वच्छता, पथ, विद्युत, खनन, डीएमएफटी, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, योजना, खेल, जेएसएलपीएस, सिंचाई, विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन, लघु सिंचाई सहित तकनीकी एवं गैर तकनीकी विभागों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
उन्होंने जेएसएलपीएस की समीक्षा करते हुए स्वयं सहायता समूहों को दी जा रही लाभों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विकासोन्मुखी क्रियाकलापों के अलावा तकनीकी प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया ताकि महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ सकें एवं अपने स्वर्णिम भविष्य का निर्माण कर सकें। इसके अलावा उन्होंने फूलो झानो आशीर्वाद अभियान के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ देकर मुख्य धारा से जोड़ने का निर्देश दिया।
उन्होंने रोजगार से जुड़े समूहों का अद्यतन प्रतिवेदन देने एवं लोगों को उनके प्राथमिकता के तहत प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया साथ ही कहा कि लोगों में काम करने की प्रवृत्ति को बढ़ाना होगा। उन्होंने कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में उन्होंने जिले के अस्पतालों में डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली।
कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी अस्पतालों का सर्वे कर उपलब्ध सुविधाओं एवं जरूरत के बारे में प्रतिवदेन दें। इसके अलावा उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि रोटेशन के आधार पर सीएचसी/पीएचसी में डॉक्टर्स की प्रतिनियुक्ति करें एवं इसका मॉनिटरिंग भी करते रहें।
वहीं उन्होंने कहा कि जितने भी निर्माणाधीन अस्पताल है या निर्माण हो चुका है उसे जल्द से जल्द हैंडओवर करें। साथ ही उप अस्पताल के निर्माण कार्य की जानकारी लेते हुए उसे जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
*लंबित कार्यों को जल्द से जल्द करें पूर्ण*
इसके अलावा भू अर्जन की समीक्षा के क्रम में उन्होंने मोहनाबांक से नाला पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण पुनर्निर्माण पथ परियोजना कार्य के तहत शेष लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया।
वहीं पीडब्लूडी एवं आरईओ के तहत चल रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करे साथ ही कहा की संचालित योजनाओं एवं कार्यों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के क्रम में उन्होंने नल जल योजना की समीक्षा करते हुए अब तक कितने लोग योजना से लाभान्वित हुए हैं, क्या खर्च हुआ है, कितना को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उसका प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया साथ ही कहा की वित्तीय वर्ष 2024 तक जिला के सभी घरों में नल जल की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।उन्होंने पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत 09 सड़क निर्माण कार्य के अद्यतन जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा सिंहवाहिनी प्लस 2 उच्च विद्यालय एवं नाला प्लस 2 उच्च विद्यालय के चहारदीवारी निर्माण आदि कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया। वहीं उन्होंने विद्युत आपूर्ति, डीएमएफटी, खनन आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया।
बिजली व्यव्स्था को उन्होंने दुरुस्त करने का निर्देश दिया। मौके पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्रीमती कुमुद सहाय,उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता श्रीमती पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

