*रामगढ़ पातोबांध सड़क पर जल जमाव व लोगों के घरो में पानी घुसने की खबर सुनकर जिप सदस्या अनिता देवी ने की पीड़ित परिवारों से मुलाकात*

*उपविकास आयुक्त से वार्ता कर किया जल्द से जल्द समस्या के समाधान का अनुरोध,डीडीसी ने दिया समाधान का भरोसा*
*रामगढ़*
*रामगढ़ ब्यूरो की रिपोर्ट*
रामगढ़ बाजार से सटे रामगढ़ पातोबांध सड़क पर जल जमाव हो जाने तथा लोगों के घरो में पानी घुसने की खबर सुनकर रामगढ़ की जिला परिषद सदस्या अनिता देवी ने धोबा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की| साथ ही मौके से उपविकास आयुक्त से फोन पर वार्ता कर जल्द से जल्द समस्या के समाधान का अनुरोध किया।
जिला परिषद सदस्य अनिता देवी ने बताया कि उपविकास आयुक्त ने उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही रामगढ़ लखनपुर सड़क की मरम्मत कराने एवं जल निकासी के लिए नाली की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया है। इसके बाद जिप सदस्या अनिता देवी ने रामगढ़ बाजार स्थित जिला परिषद द्वारा निर्मित मार्केट कंपलेक्स का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान दुकानदारों ने दुकान के बाहर कच्ची जमीन पर जल जमाव तथा कीचड़ से निजात दिलाने के लिए मार्केट कंपलेक्स के बाहर पीसीसी कराने, दुकानदारों के लिए शौचालय की व्यवस्था कराने एवं मार्केट कंपलेक्स परिसर में हाईमास्ट लाइट लगवाने का अनुरोध किया| जिस पर अनिता देवी ने दुकानदारों की समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। बता दें कि लखनपुर रोड में पानी जमा होने से परेशान धोबा सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने करीब एक माह पूर्व धोबा गांव के ग्राम प्रधान देवीलाल सोरेन के नेतृत्व में ग्राम सभा आयोजित कर प्रखंड विकास पदाधिकारी को उक्त स्थल पर पीसीसी सड़क तथा नाली निर्माण कराने का अनुरोध किया था।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उक्त स्थल पर सड़क तथा नाली निर्माण के लिए जिला योजना पदाधिकारी से योजना की स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध भी किया है, मगर अभी तक जिला स्तरीय पदाधिकारी से आदेश नहीं मिलने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं होने से रामगढ़ सहित धोबा, लखनपुर,पातोबांध, बसडीहा, जाड़ी, रानीडीह के साथ साथ एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों को उक्त सड़क पर जान हथेली पर लेकर गुजरना पड़ता है। कई बार तो पानी भरे गहरे गड्ढे में गिर कर लोग घायल भी हो चुके हैं।

