*बीडीओ कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने किया लखनपुर पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण*
*कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर मुखिया समेत सभी संबंधित कर्मियों पर की जाएगी नियमानुसार कार्यवाही- बीडीओ*
*रामगढ़(दुमका)*
*रिपोर्ट – बजरंग अग्रवाल*
प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को लखनपुर पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा लखनपुर पंचायत अंतर्गत विभिन्न ग्राम में संचालित मनरेगा, अबुआ आवास योजना के साथ ही मनरेगा अंतर्गत बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत् वित्त वर्ष 24-25 में पातोबांध ग्राम के बुधनी सोरेन एवं बाबूराम टुडू का कूप निर्माण का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि उक्त कूप में खुदाई का कार्य चल रहा था, जिसमें बाबूराम टुडू के कूप निर्माण योजना के कार्य स्थल पर योजना का सूचना पट्ट नहीं लगाया गया था| प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा संबंधित पंचायत के ग्राम रोजगार सेवक को अविलंब दो दिनों के अंदर योजना स्थल पर सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा यह भी कहा गया कि मनरेगा द्वारा चल रहे सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर मुखिया समेत सभी संबंधित कर्मियों पर नियमानुसार मनरेगा अधिनियम के तहत् कार्यवाही की जाएगी। मुखिया, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सेवक को यह भी निर्देशित किया गया कि पंचायत में चल रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सतत् निरीक्षण एवं अनुश्रवण करते रहें| वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा पातोबांध ग्राम में ढेना मड़ैया के अबुआ आवास का निरीक्षण किया गया, जिसमें उक्त आवास का निर्माण कार्य डीपीसी स्तर के ऊपर तीन फीट तक दीवाल जोड़ाई किया गया है।
इस संबंध में संबंधित पंचायत सचिव को अविलंब कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया| इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र पातोबंध का भी निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के क्रम में उक्त आंगनवाड़ी केंद्र खुला हुआ पाया गया तथा संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र में साफ सफाई की काफी कमी पाई गई। इस सम्बन्ध में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सेविका को कड़ी फटकार लगाते हुए पूछताछ की गई| सेविका द्वारा बताया गया कि उक्त आंगनवाड़ी केंद्र में कुल तीन कर्मी प्रतिनियुक्त हैं, जिसमें सेविका के रूप में बीटी हांसदा, सहायिका सूरजमुनि मुर्मू एवं पोषणसखी के रूप में जयवन्ती मुर्मू कार्य कर रही हैं। संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र में कुल नामांकित बच्चों की संख्या 40 बताया गया| जिसमें निरीक्षण के दौरान उपस्थिति शून्य पाई गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा संबंधित सेविका को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्य प्रणाली में सुधार लाते हुए बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति कराने का निर्देश दिया गया।
पंचायत निरीक्षण के क्रम में 15 वीं वित्त आयोग अंतर्गत पंचायत समिति मद से निर्मित मध्य विद्यालय भवन लखनपुर का जीर्णोद्धार की भी जांच की गई। जांच के क्रम में पाया गया कि उक्त योजना में प्रथम किस्त के रूप में 15,000 रुपए का भुगतान कर दिया गया है परन्तु तकनीकी गड़बड़ी के कारण भुगतान लंबित है।संबंधित योजना में कार्य जारी है ।निरीक्षण के क्रम में संबंधित मध्य विद्यालय लखनपुर की भी जांच की गई जांच के क्रम में पाया गया कि उक्त विद्यालय में कुल चार शिक्षक प्रतिनियुक्त है, जिसमें प्रधान शिक्षक के रूप में राकेश कुमार एवं सहायक शिक्षक के रूप में विजय कुमार साह, हिमांशु शेखर झा एवं नवीन कुमार साह उपस्थित पाए गए। जांच के क्रम में पाया गया कि उक्त विद्यालय में कुल 178 बच्चे नामांकित हैं जिसमें कुल 104 बच्चे उपस्थित पाए गए| संबंधित विद्यालय के पंजियों की जांच के क्रम में पाया गया कि विद्यालय का स्टॉक पंजी माह फरवरी 2025 से अद्यतन नहीं है|
साथ ही चखना पंजी 22 फरवरी 2025 तक ही अद्यतन पाया गया। अन्य पंजिया अद्यतन नहीं पाई गई। निरीक्षण के क्रम में अनुश्रवण पंजी के अवलोकन से यह ज्ञात हुआ कि सीआरपी प्रिय रंजन द्वारा दिनांक 28/9/24 के पश्चात कोई निरीक्षण नहीं किया गया है। इस सम्बन्ध में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा संबंधित प्रधान शिक्षक को सभी पंजियों को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया। प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे स्वयं और सीआरपी सभी विद्यालय के निरीक्षण में तेजी लाए।
