*पाकिस्तानी नेता बुरफत ने ऑपरेशन सिंदूर का किया पुरजोर समर्थन, बोले- देश आतंकवाद का प्रायोजक*
*नई दिल्ली*
*दीपक कुमार शर्मा*
पाकिस्तान के अलगाववादी नेता जेय सिंध मुत्तहिदा महाज (जेएसएमएम) के अध्यक्ष शफी बुरफत ने बयान जारी कर भारत के आतंकवाद विरोधी अभियानों को खुला और पुरजोर समर्थन दिया। सिंध क्षेत्र को पाकिस्तान से अलग करने की वकालत करने वाले जेएसएमएम सुप्रीमो ने कहा कि मूल मुद्दा भारत और पाकिस्तान के बीच क्षेत्रीय या सैन्य टकराव का नहीं है। भारत के हमले पाकिस्तान या उसके लोगों पर हमला नहीं हैं, ये पाकिस्तान के भीतर आतंकवादी ठिकानों और प्रशिक्षण शिविरों को निशाना बनाकर किए गए सटीक अभियान हैं।
बुरफत ने आगे कहा कि यह भारतीय सेना की पाकिस्तान पोषित चरमपंथी आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई है। इनका उद्देश्य पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और मानवीय गरिमा को बनाए रखना है। पाकिस्तानी सेना समर्थित ये आतंकवादी हमले अनगिनत निर्दोष नागरिकों, खासकर कश्मीर में, का खून बहाने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी और उसकी सेना इन आतंकी समूहों का इस्तेमाल दक्षिण एशिया को अस्थिर करने और वैश्विक शांति को खतरे में डालने के लिए प्रॉक्सी की तरह करती। उन्होंने कहा, ऐसे आतंकवादियों को पनाह और बचाव देकर, पाकिस्तान खुद को नैतिक रूप से दिवालिया राज्य के रूप में पेश कर रहा है जो आतंक पर पनपता है।
*दुनिया इंसाफ की लड़ाई में भारत के साथ खड़ी*
बुरफत ने एलान किया कि यह केवल दो देशों के बीच संघर्ष नहीं है। यह लड़ाई इंसाफ और बेइंसाफी के बीच है। इस लड़ाई में भारत को जो भी नुकसान हुआ है, उसे शांति और मानवता के लिए एक महान बलिदान के रूप में देखा जाना चाहिए। इस बीच, पाकिस्तान के लिए किसी भी झटके को आतंकवाद की नींव पर एक जोरदार प्रहार के तौर देखा जाना चाहिए। सिंधी नेता ने पाकिस्तान को अप्राकृतिक देश कहते हुए कहा कि भारत शांति, मूल्यों और एक गरिमापूर्ण सभ्यता के लिए खड़ा है। यह स्वाभाविक है कि दुनिया इस न्यायपूर्ण युद्ध में भारत के साथ खड़ी हो।
*अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान के खिलाफ अपनाए सख्त रुख*
बुरफत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सख्त रुख अपनाने और आतंकवाद को प्रायोजित करने में पाकिस्तान का योगदान स्वीकार करने की अपील की। उन्होंने पाकिस्तान को दुनिया की नजर में एक दुष्ट खलनायक करार देते हुए भारत को निर्दोष लोगों की जान बचाने और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बहादुरी से लड़ रहा एक जिम्मेदार नायक कहा।
