*पश्चिमी सिंहभूम में आईडी विस्फोट, CRPF के एक सब इंस्पेक्टर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल*
*पश्चिमी सिंहभूम*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारंगपोंगा के जंगल में हुए आईडी विस्फोट में सीआरपीएफ 193वीं बटालियन के एक सब इंस्पेक्टर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। चाईबासा पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल और हेड कांस्टेबल पार्थ प्रतिम डे के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया है।
यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत वांग्राम मरंगपोंगा जंगल के पास हुई। घायल जवानों की पहचान सुनील कुमार मंडल और पार्थ प्रतिम देय के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि दोनों जवानों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया है। मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, सारंडा वन क्षेत्र में कई नक्सली कमांडर अपने दस्तों के साथ छिपे हुए हैं। सुरक्षाबलों से बचने और उन्हें निशाना बनाने के लिए इन माओवादियों ने जगह-जगह जमीन पर आईईडी बिछा कर रखी है। इस पर पैर का हल्का दबाव पड़ते ही विस्फोट हो जाता है। शनिवार दोपहर सुरक्षाबलों का यहां तलाशी अभियान चल रहा था। इस दौरान दो जवान आईईडी की चपेट में आ गए।
दावा है कि यह धमाका अर्ध सैनिकबल के शिविर से मात्र 600 मीटर की दूरी पर हुआ। इस कैंप की स्थापना पिछले महीने ही की गई थी। चार दिन पहले भी ठीक ऐसे ही एक धमाके में सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन के एक सब-इंस्पेक्टर घायल हुए थे।
