*पत्थर के अवैध खनन,भंडारण एवं परिवहन को लेकर जिला खनन पदाधिकारी की शिकारीपाड़ा में बड़ी कार्रवाई*
*उपायुक्त के निर्देश पर की गई छापेमारी में अवैध रूप से संचालित दो क्रशर को किया गया सील*
*जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण किसी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा – आनंद कुमार*
*शिकारीपाड़ा(दुमका)*
*शिकारीपाड़ा ब्यूरो की रिपोर्ट*
अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण को लेकर नव पदस्थापित जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार पूरी तरह से सख्त हैं। उन्होंने अपने पद स्थापना के साथ जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के रोकथाम को लेकर सख्त कदम उठाते हुए पत्थर के अवैध कारोबारियों को चेतावनी दी थी कि अवैध कारोबारी सुधर जाए अन्यथा उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे के निर्देश पर अवैध कारोबारियों पर अंकुश लगाने हेतु मंगलवार को दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में छापेमारी की गई| छापेमारी के दौरान अवैध रूप से संचालित दो क्रशर को अविलंब सील कर दिया गया।
जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि शिकारीपाड़ा में अवैध रूप से क्रशर संचालित किया जा रहा है। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने खान निरीक्षक गौरव कुमार सिंह एवं ब्रह्देव यादव के साथ शिकारीपाड़ा पहुंचकर दो क्रशर में छापेमारी की। क्रशर की जांच की गई तो नियम अनुसार क्रशर का संचालन नहीं किया जा रहा था एवं काफी अनियमितता पाई गई। जिस पर अविलंब कार्रवाई करते हुए डीएमओ आनंद कुमार के द्वारा दोनों क्रशर को सील कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि अवैध रूप से संचालित केजीएन स्टोन,संचालक फरजुल आलम शेख, पिता जक्कर शेख,पिनर गडिया,शिकारीपाड़ा एवं
कादरिया स्टोन प्रोजेक्ट, संचालक, इजराउद्दीन, पिता-अरफत अली, ग्राम दीघीपार, रामपुरहाट को अविलंब सील कर दिया गया|
जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण किसी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबारियों पर नजर है। अवैध कारोबार करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएमओ आनंद कुमार ने जिले में सभी क्रशर संचालकों को अपने कागजात दुरुस्त करने एवं नियम के तहत ही क्रशर संचालन करने की बात कही है।
