*धनतेरस को लेकर नोनीहाट बाजार में लोगों ने की जमकर खरीदारी, ग्राहकों एवं दुकानदारों में दिखा उत्साह*
*नोनीहाट(दुमका)*
धनतेरस पर्व को लेकर मंगलवार को दुमका जिले के नोनीहाट बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। अवसर पर लोगों ने जमकर खरीदारी की| बता दें कि इस खास दिन पर हिंदू धर्म के सभी लोग बर्तन, सोना चांदी और मोटरसाइकिल से लेकर फ्रीज कूलर, फर्नीचर, गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां, झाड़ू व कई प्रकार की मिठाइयां खरीद कर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद ग्रहण करते है।
इस धनतेरस के मौके पर सभी ज्वेलर बर्तन व कपड़े दुकानदारों का कहना है कि इस बार अन्य वर्ष की भांति इस वर्ष दुकानदारी में काफी इजाफा हुआ है और नोनीहाट क्षेत्र के सभी लोग के चेहरे पर खुशी देखी गई है। इस खुशी को चार चांद लगाने में नोनीहाट के दुकानदारों ने भी कमी नहीं छोड़ी है। क्योंकि कई सामानों में कई प्रकार के उपहार भी दिए गए हैं|
बताते चलें कि भगवान धन्वन्तरि को आयुर्वेद का देवता माना जाता है। इस दिन उनकी पूजा करने से स्वास्थ्य और आरोग्य की प्राप्ति होती है। धनतेरस को नई शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है। इस दिन नए काम शुरू करने और नए निवेश करने के लिए शुभ माना जाता है।
कहा जाता है कि समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वन्तरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी दिन माता लक्ष्मी भी प्रकट हुई थीं। इसलिए इस दिन को धनतेरस के रूप में मनाया जाता है।
