*दुमका सांसद नलिन सोरेन ने शिकारीपाड़ा में किया दो उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास*
*ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल दुमका द्वारा तकरीबन पांच करोड़ की लागत से बनेंगे दोनों पुल*
*शिकारीपाड़ा(दुमका)*
*शिकारीपाड़ा ब्यूरो की रिपोर्ट*
दुमका सांसद नलिन सोरेन ने गुरुवार को शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना अन्तर्गत तकरीबन पांच करोड़ रु की लागत से बनने वाली दो उच्च स्तरीय पुल का विधिवत शिलान्यास किया। सांसद नलिन सोरेन ने शिकारीपाड़ा प्रखंड के घाट हरिपुर से कुरूमटांड़ के बीच उच्च स्तरीय पुल निर्माण और शिकारीपाड़ा प्रखंड के ही सोनाढाब ग्राम से धर्मपुर गांव के बीच द्वारका नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल दुमका के कार्यपालक अभियंता उदय सिंह, कनीय अभियंता मनोवर आलम, जिला परिषद सदस्य सुनील मराण्डी, झामुमो के प्रखण्ड अध्यक्ष चुंडा हेम्ब्रम सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
अवसर पर सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार जनहित में लगातार काम कर रही है और उसी कड़ी में इन दोनों पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार है, जिसने पीएम आवास योजना को झारखंड में बंद कर दिया परन्तु राज्य सरकार अबुआ आवास दे रही है।
साथ ही साथ मंईयां सम्मान योजना और कई अन्य हितकारी योजना से लोगों को लाभान्वित कर रही है। उन्होंने मौके पर से लोगों से यह आह्वान किया कि आने वाले दिनों में आप फिर से महा गठबंधन की सरकार को भारी बहुमत से लाएं और विकास के मार्ग को प्रशस्त करें।
