*दुमका में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन फोरलेन में मिट्टी के ढेर में खेल रहे दो बच्चों की मिट्टी में दबकर मौत*
*जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकीनाथ देवघर मुख्य मार्ग पर जोगिया मोड़ के समीप हुई घटना से इलाके में मातम*
*जरमुंडी(दुमका)*
*जरमुंडी ब्यूरो की रिपोर्ट*
आज पूरे देश में एक ओर विजयादशमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, वहीं कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा रखे गए मिट्टी के ढेर में दबकर दो मासूमों की मौत की सूचना से इलाके में मातम छा गया। मामला दुमका जिला के जरमुंडी प्रखंड के जोगिया मोड़ के समीप का है जहां आज शनिवार के दिन बासुकीनाथ देवघर मुख्य मार्ग के निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर रखे मिट्टी के ढेर में खेल रहे दो बच्चों की मिट्टी में दबकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर रखे मिट्टी के ढेर में जोगिया मोड़ के सदीक मियां एवं मुमताज मियां के दो नाबालिग बच्चे अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे, एकाएक मिट्टी का ढेर धंस गया और दोनों बच्चे मिट्टी के अंदर दब गए। घटना के बारे में जानकारी होने पर परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने कार्यस्थल पर मौजूद पोकलेन एवं जेसीबी के सहायता से मिट्टी का ढेर हटवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों बच्चों की दम घुटने से मौत हो गयी।
घटना की जानकारी मिलने पर जरमुंडी के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। वही पुलिस मामले के जांच में जुट गई है।
