*मानक के अनुरूप कार्य नहीं करने पर रोजगार सेवक से कारण पृच्छा का निर्देश*
*सूचना पट्ट पर योजना की विवरणी नहीं रहने से रोजगार सेवक पर जुर्माना अधिरोपित करने का निदेश*
*दुमका*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने सोमवार को जरमुण्डी प्रखंड अन्तर्गत ग्राम/पंचायत पुतलीडाबर में आवास प्लस सर्वे, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा के तहत् बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धमनचीपा का औचक निरीक्षण किया।
डीडीसी ने हरिशंकर राय का बिरसा सिंचाई कूप निरीक्षण के क्रम में पाया कि कार्य बहुत दिनों से बंद है, सूचना पट्ट पर योजना के बारे में कुछ भी अंकित नहीं है एवं कूप अपूर्ण तथा खराब स्थिति में है। इस पर उप विकास आयुक्त द्वारा रोजगार सेवक से कारण पृच्छा करने तथा सूचना पट्ट पर योजना की विवरणी अंकित नहीं रहने के कारण रोजगार सेवक पर जुर्माना अधिरोपित करने का निदेश दिया। इसी प्रकार श्रीमती पानबती देवी का बिरसा हरित ग्राम योजना अन्तर्गत आम बागवानी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में घेराबंदी कराने एवं बाउन्ड्री पर टीसीबी निर्माण कराने का निदेश दिया। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, जरमुण्डी को निदेश दिया कि कृषकों को स्ट्रॉबेरी की खेती करने हेतु प्रोत्साहित करें।
उप विकास आयुक्त द्वारा पंचायत पुतलीडाबर के ग्राम जरूआडीह एवं धमनचीपा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 के तहत् आवास प्लस सर्वे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में ग्रामीणों से आवास प्लस सर्वे की जानकारी ली गई तथा ग्रामीणों को बताया गया कि आवास प्लस सर्वे में यदि किन्हीं सर्वेक्षक द्वारा अनियमितता बरती जाती है तो अविलम्ब सूचित करें। सर्वेक्षकों एवं पंचायत सचिव को सख्त हिदायत दी गई कि ईमानदारी पूर्वक सर्वे का कार्य करें। इसी क्रम में ग्राम-जरूआडीह में सोनामुनी मराण्डी तथा ग्राम धमनचीपा में मिलन किस्कू का अबुआ आवास का निरीक्षण किया गया तथा शेष राशि विमुक्ति हेतु जिला को प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। उप विकास आयुक्त द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धमनचीपा का निरीक्षण किया गया तथा प्रधानाचार्य को पेयजल, शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था सृदृढ़ करने का निदेश दिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, जरमुण्डी, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) आदि मौजूद थे।
