*झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: आज EVM में बंद हो जाएगा अगली सरकार का भविष्य, 23 नवंबर को आखिरी फैसला*
*दुमका*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 38 सीट के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। उक्त जानकारी अधिकारियों ने दी। राज्य के 12 जिलों में 14,218 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि 31 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा, हालांकि उस समय तक कतार में खड़े लोग अपने मताधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे।
झारखंड में दूसरे चरण की वोटिंग
कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 60.79 लाख महिलाएं और 147 ‘थर्ड जेंडर’ के मतदाता शामिल हैं। दूसरे चरण में मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और भारतीय जनता पार्टी के अमर कुमार बाउरी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन सहित कुल 528 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं।
*पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों से की मतदान की अपील*
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों से बढ़-चढ़ कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘आज झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा और आखिरी चरण है। मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर मैं अपने उन सभी युवा साथियों को विशेष रूप से बधाई देता हूं जो पहली बार वोट करने जा रहे हैं। आपका हर वोट राज्य की ताकत है।
*सीएम हेमंत सोरेन ने भी लोगों से की मतदान की अपील*
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जनता से मतदान की अपील करते हुए कहा कि दूसरे चरण का मतदान ‘स्वर्णिम झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर लिखा, ‘झारखंड को टूटने से बचाने के लिए हमें एकजुट होकर बड़ी संख्या में मतदान करना होगा। आज फिर मतदाताओं को उसी उत्साह और जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा।
*आज EVM में बंद हो जाएगा झारखंड की अगली सरकार का भविष्य*
इन 38 विधानसभा सीट में से 18 निर्वाचन क्षेत्र संथाल परगना क्षेत्र में हैं, जिसमें छह जिले – गोड्डा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ आते हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने बताया कि कुल 14,218 मतदान केंद्रों में से 239 पर मतदान प्रक्रिया की संपूर्ण जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में है और 22 पर दिव्यांगजनों को तैनात किया गया है।
*23 नवंबर को आएगे नतीजे*
राज्य में सत्तारूढ़ झामुमो नीत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ अपनी कल्याणकारी योजनाओं के बल पर सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन केन्द्रीय योजनाओं के बल पर सत्ता में आने की जी तोड़ कोशिश कर रहा है। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था और मतगणना 23 नवंबर को होगी।
