*गोपीकांदर पुलिस ने किया आरीचुआं डकैती कांड का उद्भेदन,चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भेजा जेल*
*गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 2 मोबाइल, 2 चांदी की चैन, एक सोने का नथनी, एक चांदी की अंगूठी, एक देशी कट्टा एवं नगद 4500 बरामद*
*गोपीकांदर(दुमका)*
*स्वदेश वाणी संवाददाता*
बीते 14 जुलाई सोमवार की रात आरीचुआं के एक होटल मालिक के घर में पिस्टल की नोक पर 2 लाख नकदी सहित साढ़े तीन लाख की डकैती मामले में गोपीकांदर पुलिस ने शनिवार को 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि कांड संख्या 23/25 के 4 अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि टावर सूचना के आधार पर पुलिस ने 2 आरोपी को कुशचिरा एसबीआई बैंक के पास से गिरफ्तार किया था, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियो से पूछताछ करने पर कुल 6 लोगों का मामले में संलिप्त होने की बात कबूली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के निशानदेही पर पाकुड़ जिले के महेशपुर से दो आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में थाना क्षेत्र के कुशचिरा गांव के मिनसार परवेज़, सद्दाम अंसारी, भूरू माल और दर्शन मंडल है। इन सभी के पास से 2 मोबाइल, 2 चांदी की चैन, एक नाक का सोने का नथनी, एक चांदी की अंगूठी, एक देशी कट्टा एवं नगद 4500 रूपये बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि बाकी बचे 2 आरोपियों को भी पुलिस जल्द अपने गिरफ्त में ले लेगी।
ज्ञात हो कि बीते 14 जुलाई 2025 सोमवार की रात आरीचुआं गांव के नयन कुमार राय उर्फ बिंजी दा के घर में संचालित होटल और दुकान से अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर 2 लाख नकद सहित 60 भरी चांदी, दो भरी सोना, सोने की अंगूठी सहित साढ़े तीन लाख रूपये का समान एवं राशन दुकान के समान की डकैती की थी। इस दौरान अपराधियों ने एक राउंड हवाई फायरिंग भी की थी। होटल व घर में मौजूद पांच सदस्यों को एक कमरे में बंद कर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था।
