Skip to content

क्या अब थम जाएगी जंग? रूस के साथ 30 दिन के संघर्ष विराम के लिए तैयार यूक्रेन, अब रूस के पाले में गेंद* 

*क्या अब थम जाएगी जंग? रूस के साथ 30 दिन के संघर्ष विराम के लिए तैयार यूक्रेन, अब रूस के पाले में गेंद*

 *नई दिल्ली*

 *अभिषेक दीक्षित की रिपोर्ट*

सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिका और यूक्रेन की बैठक के बाद एक बड़ी उम्मीद जगी है। वह उम्मीद है- यूक्रेन और रूस के बीच तीन साल से चल रही जंग के समाप्त होने की। दरअसल, इस बैठक में यूक्रेन ने अमेरिका के तत्काल अंतरिम युद्धविराम के प्रस्ताव पर सहमति जता दी है। यह युद्धविराम शुरुआत में 30 दिनों के लिए होगा। बाद में इसे बढ़ाने या स्थायी युद्धविराम पर अलग से बात की जाएगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब के जेद्दा में शांति वार्ता के बाद यूक्रेन की ओर से युद्ध विराम पर सहमति जताने का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि रूस भी इस पर सहमत होगा। ट्रंप ने कहा कि युद्ध विराम बहुत महत्वपूर्ण है। मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन युद्ध विराम पर अभी कुछ समय पहले ही सहमत हुआ है। अब हमें रूस जाना है और उम्मीद है कि राष्ट्रपति पुतिन भी इस पर सहमत होंगे। हम जल्द ही उनसे मिलेंगे और उम्मीद है कि हम एक समझौते पर पहुंचेंगे। अगर हम रूस को ऐसा करने के लिए राजी कर लेते हैं, तो यह बहुत अच्छा होगा। अगर हम ऐसा नहीं कर पाते, तो हम बस बर्बादी ही देखेंगे। लोग मारे जाएंगे, बहुत सारे लोग मारे जाएंगे।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रूस अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों द्वारा तैयार की गई युद्ध विराम योजना पर सहमत होगा और मंगलवार या बुधवार को रूस के साथ अमेरिका की बैठक होगी। ट्रंप ने कहा कि वह यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को व्हाइट हाउस में वापस आमंत्रित करेंगे। पिछले महीने ओवल ऑफिस की बैठक में दोनों नेताओं के बीच टकराव हुआ था और जेलेंस्की अमेरिका के साथ महत्वपूर्ण खनिज सौदे पर हस्ताक्षर किए बिना वाशिंगटन से चले गए थे। ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में तीन साल से चल रहे युद्ध में पूर्ण युद्ध विराम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि वह इस सप्ताह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस बारे में बात करेंगे।

 *यूक्रेन को राहत देना शुरू करेगा अमेरिका*

इस बीच ट्रंप प्रशासन ने एलान किया कि वह यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता और कीव के साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर लगा अपना प्रतिबंध तुरंत हटा लेगा। अमेरिका ने यह कदम करीब एक सप्ताह पहले जेलेंस्की को रूसी सेना के साथ युद्ध समाप्त करने के मद्देनजर वार्ता में शामिल होने का दबाव डालने के लिए उठाया था। यह घोषणा सऊदी अरब में यूक्रेन और अमेरिका के बीच वार्ता के दौरान की गई। यूक्रेन ने यह भी कहा कि वह रूस के साथ युद्ध में 30 दिन के संघर्ष विराम के लिए तैयार है, जो क्रेमलिन समझौते के अधीन होगा।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने युद्धविराम पर सहमत होने के यूक्रेन के फैसले के लिए ट्रंप की सराहना की। उन्होंने कहा कि गेंद अब रूस के पाले में है। रुबियो ने कहा कि आज शांति के लिए एक अच्छा दिन था। अमेरिकी राष्ट्रपति के नेतृत्व और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के शानदार आतिथ्य के तहत हम यूक्रेन के लिए स्थायी शांति बहाल करने के एक कदम और करीब हैं। गेंद अब रूस के पाले में है।

https://emtvlive.in/

http://aajtakjharkhand.in

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *