*उपायुक्त की अध्यक्षता में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित*
*योजनाओं का सही क्रियान्वयन ही किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा – उपायुक्त*
*साहेबगंज*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लक्ष्यों की जानकारी ली और विभागीय पदाधिकारी को कार्यों की प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में पदाधिकारी ने अब तक की प्रगति, क्रियान्वित योजनाओं एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि भूमि संरक्षण एवं जल प्रबंधन से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए, जिससे कृषि क्षेत्र को लाभ मिल सके। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
बैठक में भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन ही किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने विभाग को आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
