*उद्यान विकास योजना के तहत सखी मंडल की दीदी किसानों के बीच ओल व अदरक बीज का वितरण*
*साहिबगंज*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
उद्यान विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के बरहेट प्रखंड में किसानों को ओल एवं अदरक की खेती के लिए प्रेरित करने हेतु बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस योजना के अंतर्गत जेएसएलपीएस द्वारा चयनित सखी मंडल की दीदी किसानों के बीच ओल व अदरक बीज का वितरण किया गया।
बरहेट प्रखंड के प्रखंड प्रमुख सह प्रखंड अध्यक्ष बर्नार्ड मरांडी एवं उद्यान विभाग के प्रतिनिधि प्रेम पासवान, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के जिला आजीविका प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के संयुक्त प्रयास से किसानों को घर-घर जाकर प्रति किसान दो क्विंटल अदरक एवं 90 किलोग्राम ओल बीज उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने कहा कि इस योजना से किसानों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अदरक की खेती से किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं और आने वाले दिनों में जिले के कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति आ सकती है।
कार्यक्रम में बीआरपी लाइवलीहुड गंगाराम मढैया, माया देवी, बागवानी मित्र बाबूजी सोरेन समेत कई किसान और सखी मंडल की दीदी उपस्थित थीं।
इस वितरण कार्यक्रम में प्रति किसान 90 किलोग्राम ओल (कुल प्रगतिशील किसान संख्या-75 ) एवं दो क्विंटल अदरक प्रति किसान( कुल प्रगतिशील किसान का संख्या-15) बीज दिया जा रहा है, जितने किसान मनरेगा अंतर्गत संचालित योजना बिरसा हरित ग्राम योजना का लाभ ले रहे हैं वे लोग आंतरिक मिश्रित खेती अंतर्गत आम के पेड़ों के बीच , अदरक लगा सकते हैं!
बीज प्राप्त कर किसानों के बीच हर्ष का माहौल है, इससे किसान लखपति दीदी की ओर आगे बढ़ेंगे, और अपने सपनों को नई उड़ान देंगे!
