*उदीयमान सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही लोक आस्था का चार दिवसीय चैती छठ संपन्न*
*रामगढ़(दुमका)*
*बजरंग अग्रवाल*
लोक आस्था एवं विश्वास का महापर्व छठ शुक्रवार को प्रातः काल में उदीयमान सूर्य को अर्ध्य देने के साथ संपन्न हो गया। भगवान सूर्य की आराधना के चार दिवसीय महापर्व छठ का प्रारंभ मंगलवार को हुआ था। वर्ष में मुख्य रूप से दो बार छठ मनाया जाता है। शारदीय छठ तथा चैती छठ। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को चैती छठ का सायं कालीन अर्ध्य आस्ताचल गामी सूर्य को तथा सप्तमी तिथि को उदयाचल गामी सूर्य को छठ व्रतियों द्वारा अर्ध्य समर्पित किया जाता है।
प्रखंड के विभिन्न गांवों में स्थित तालाबों में छठ व्रतियों ने एहि सूर्य सहस्रांशो, तेजोराशि जगत्पते, अनुकम्पय मा मत्वा, गृहाणार्ध्यं दिवाकर मंत्र के साथ दूध, गंगा जल तथा सामान्य जल से नैवेद्य तथा अर्ध्य समर्पित किया। मौके पर छठ व्रतियों के द्वारा सभी को प्रसाद का भी वितरण किया गया।
