Skip to content

इंतजार हुआ खत्म! हेमंत कैबिनेट तैयार, जानें JMM-कांग्रेस और RJD से कौन विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ* 

*इंतजार हुआ खत्म! हेमंत कैबिनेट तैयार, जानें JMM-कांग्रेस और RJD से कौन विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ*

 

*आज 5 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रांची राजभवन के अशोक उद्यान में होगा मंत्रियों का शपथ ग्रहण*

 

*रांची*

 

*ब्यूरो रिपोर्ट*

 

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में प्रचंड जीत के बाद बनी हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली इंडिया गठबंधन की सरकार आज 5 दिसंबर को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आकार लेने जा रही है। कैबिनेट में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के विधायक शामिल होंगे, जबकि भाकपा-माले ने सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है।

 

*राजभवन के अशोक उद्यान में शपथ ग्रहण*

 

राजभवन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार आज 5 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रांची राजभवन के अशोक उद्यान में मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। इसी समारोह में विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर बनाए गए स्टीफन मरांडी को भी शपथ दिलाई जाएगी। जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जानी है, उनके नामों का खुलासा अब तक नहीं किया गया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मंत्रिमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा से छह, कांग्रेस से चार और राष्ट्रीय जनता दल से एक विधायक को मंत्री बनाए जाने के फॉर्मूले पर गठबंधन में पूर्व से सहमति बन चुकी है।

 

*रामेश्वर को विधायक दल के नेता पद की जिम्मेदारी*

 

सूत्रों ने बताया कि हेमंत सोरेन की पूर्व की सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री रहे डॉ. रामेश्वर उरांव को इस बार विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी दी जाएगी और उनकी जगह कोलेबिरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और खिजरी के विधायक राजेश कच्छप में से किसी एक को मंत्रिमंडल में बर्थ हासिल होगा।

 

*कांग्रेस की 5 महिला विधायकों में एक का बर्थ तय*

 

कांग्रेस से कुल पांच महिला विधायकों निशाम आलम, श्वेता सिंह, दीपिका पांडेय सिंह, ममता देवी और शिल्पी नेहा तिर्की ने जीत दर्ज की है। इनमें से एक का बर्थ तय माना जा रहा है। इस रेस में महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह का नाम सबसे ऊपर है। हालांकि ओबीसी कोटे से ममता देवी और आदिवासी-ईसाई कोटे से शिल्पी नेहा तिर्की के नाम की भी चर्चा है।

 

*कांग्रेस में अल्पसंख्यक कोटे से इरफान-निशात के बीच टक्कर*

 

इनके अलावा कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों में जामताड़ा के इरफान अंसारी और पाकुड़ से निशात आलम में से किसी को मंत्री बनने का मौका मिलना तय है। निशात आलम के पति आलमगीर आलम हेमंत सोरेन और चंपाई सरकार में मंत्री रहे। जबकि आलमगीर आलम की गिरफ्तारी के बाद इरफान अंसारी को मंत्री बनने का मौका मिला। ऐसे में दोनों में से किसी एक का मंत्री बनना तय है। दोनों ही संताल परगना प्रमंडल क्षेत्र से आते हैं।

 

*प्रदीप-अनूप और राधाकृष्ण भी प्रमुख दावेदार*

 

कांग्रेस की ओर से पोड़ैयाहाट के प्रदीप यादव, बेरमो के जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित छतरपुर सीट से जीत दर्ज करने वाले राधाकृष्ण किशोर में से कोई दो नाम मंत्रिमंडल का हिस्सा हो सकते हैं। इसके अलावा कांके से पहली बार चुनाव जीतने वाले सुरेश बैठा को अनुसूचित जाति कोटे से और मनिका से लगातार दूसरी बार विजयी रहे रामचंद्र सिंह को अनुसूचित जनजाति कोटे से मंत्री बनाया जा सकता है।

 

*जेएमएम में सबकुछ हेमंत सोरेन की इच्छा पर निर्भर*

 

सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल सबसे बड़े दल झारखंड मुक्ति मोर्चा में सबकुछ सीएम और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की इच्छा पर निर्भर है। जेएमएम की ओर से चाईबासा के दीपक बिरुआ, घाटशिला के रामदास सोरेन, मधुपुर के हफीजुल हसन, भवनाथपुर के अनंत प्रताप देव, जामा की डॉ. लुईस मरांडी और टुंडी के विधायक मथुरा महतो को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। वैसे ईचागढ़ की विधायक सविता महतो और राजमहल के विधायक एमटी राजा के नाम की भी चर्चा चल रही है।

 

*रबिंद्रनाथ महतो फिर बनेंगे स्पीकर*

 

प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी को अगर स्पीकर के तौर पर चुने जाने पर सहमति बनी तो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्रनाथ महतो मंत्रिमंडल का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि अधिक संभावना यह जताई जा रही है कि रबिंद्रनाथ महतो लगातार दूसरे कार्यकाल में भी स्पीकर जैसे संवैधानिक दायित्वों को संभालेंगे।

झारखंड में कैबिनेट विस्तार के पहले कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर कॉल आने पर लिस्ट सौंपेंगे

 

*आरजेडी से संजय यादव या सुरेश पासवान की चर्चा*

 

राष्ट्रीय जनता दल से गोड्डा के विधायक संजय यादव का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सूत्रों के हवाले से यह सूचना सामने आई है। पहले देवघर के विधायक सुरेश पासवान के नाम की चर्चा चल रही थी, लेकिन अब उन्हें पार्टी विधायक दल का नेता बनाया जा सकता है।

https://emtvlive.in/

http://aajtakjharkhand.in

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *