*इंडिया गठबंधन से बाहर होगी ‘आप’! दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद बढ़ी तकरार; कांग्रेस ने साफ किया रूख*
*नई दिल्ली*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
शनिवार को दिल्ली चुनाव के परिणाम सामने आए, जिसके बाद राजधानी की सियासत में गर्माहट तेज हो गई है। कारण है कि आम आदमी पार्टी की हार और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलना इंडिया गठबंधन में लंबे समय से चले आ रहे आंतरिक क्लेश को हवा देने लगे और कई चुनाव विशेषज्ञों ने माना कि दिल्ली में आप की हार का सबसे बड़ा कारण कांग्रेस बनकर सामने आई।
इसी बीच इन सवालों के जवाब में कांग्रेस सासंद राजीव शुक्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब इंडिया गठबंधन बना था, तब यह तय हुआ था कि हम लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे और राज्यों में पार्टियां अपना फैसला खुद ले सकती हैं। जब संसदीय चुनाव होंगे, तो हम एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। साथ ही यह पूछे जाने पर कि क्या ‘आप’ गठबंधन में रहेगी, कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि ये बात वरिष्ठ नेता तय करेंगे कि आप गठबंधन में रहेगी या नहीं, लेकिन विपक्षी एकता मजबूत है और ऐसी ही रहेगी।
मामले में कांग्रेस नेता मुमताज पटेल का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि क्या आप की जीत सुनिश्चित करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है? क्या उन्होंने गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र चुनावों में इसके बारे में सोचा था? मुमताज ने कहा कि कांग्रेस भारत में दूसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी हैं, अगर हमने आप के साथ गठबंधन किया होता और आप सत्ता में आती, तो हमें इससे क्या फायदा होता?
*आप ने कभी कांग्रेस की मदद नहीं की- पटेल*
साथ ही पटेल ने आगे कहा कि आप ने कभी भी कांग्रेस पार्टी की मदद नहीं की। अगर सभी राष्ट्रीय पार्टियां यह कहना चाहती हैं कि कांग्रेस पार्टी को हमेशा त्याग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं इसमें विश्वास नहीं करतीं। साथ ही मुमताज ने ये भी कहा कि अब इन सभी पार्टियों को यह समझ लेना चाहिए कि वे कांग्रेस के समर्थन के बिना कोई भी चुनाव नहीं जीत सकतीं।
