*बीडीओ ने दारांगा टोला का दौरा कर ग्रामीणों से ली उनकी समस्याओं की जानकारी, दिया समाधान का भरोसा*
*मसलिया(दुमका)*
*रिपोर्ट – कुमार विक्रम*
मसलिया प्रखंड के रांगा पंचायत अंतर्गत महेशापथर गांव स्थित दारांगा टोला में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर एक हिंदी दैनिक में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजफर हसनैन एवं बीपीओ संजीव कुमार ने दारांगा टोला का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि टोला से मुख्य दुमका-मसलिया सड़क तक पहुंचने के लिए केवल एक संकरी गलीनुमा रास्ता है, जो जमाबंदी रैयत की निजी जमीन पर है। संबंधित रैयत जमीन दान देने को तैयार नहीं हैं, जिससे सड़क निर्माण में बाधा आ रही है। इस पर बीडीओ ने ग्रामीणों को ग्रामसभा कर इच्छुक जमाबंदी रैयतों से लिखित सहमति लेने का सुझाव दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सहमति मिलने पर सड़क का प्रस्ताव स्वीकृत कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
पेयजल संकट पर चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो चापानल हैं, लेकिन जल स्तर गिर जाने से उनसे पानी नहीं निकलता। बीडीओ ने तत्काल चापानल मिस्त्री को बुलाकर मरम्मत का निर्देश दिया। साथ ही दो कुआं की मरम्मत का भी आदेश दिया, ताकि पेयजल की समस्या का समाधान हो सके।
बीडीओ ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन, मंईयां सम्मान योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन करने को कहा। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्तियों को जल्द ही योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
