*मसलिया प्रखंड के संथाल टोला में चिकन पॉक्स का प्रकोप, अबतक 6 लोग संक्रमित*
*डॉ. सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की मरीजों की जांच, दी गई दवाइयां*
*मसलिया(दुमका)*
*रिपोर्ट – कुमार विक्रम*
मसलिया प्रखंड के संथाल टोला में चिकन पॉक्स का प्रकोप फैल गया है। जानकारी के अनुसार, गाँव में अब तक 6 लोग इस संक्रामक बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। संक्रमितों में लक्ष्मी सोरेन, लखीराम हेम्ब्रम, रोशनी सोरेन, पिंकी सोरेन,थ सूरज मुर्मू और सरस्वती मुर्मू का नाम शामिल है। सभी मरीजों में तेज बुखार, शरीर पर लाल चकत्ते और खुजली जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गाँव पहुंची। टीम का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। उनके साथ विकास कुमार, प्रखर मेहता और एएनएम किरण कुमारी भी मौजूद थीं। स्वास्थ्य टीम ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। इसके साथ ही संभावित मरीजों की पहचान के लिए गाँव में डोर-टू-डोर सर्वे शुरू किया गया है। संक्रमितों से ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजा गया है।
डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चिकन पॉक्स एक वायरल बीमारी है जो एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकती है, इसलिए संक्रमित मरीजो को आइसोलेशन, साफ सुथरा रहने को कहा गया है। ग्रामीणों को बीमारी के लक्षण, साफ-सफाई और सावधानियों की जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा। ग्रामीणों से अपील की गई है कि लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
