*बीते शुक्रवार को रांची में व्यापारी की निर्मम हत्या पर ईजेसीसीआई साहिबगंज के अध्यक्ष ने जताया रोष, की निंदा*
*बोले – बेखौफ अपराधियों द्वारा राज्य में हर दूसरे तीसरे दिन दिया जा रहा छिनतई, लूटपाट ठगी और हत्याकांड जैसी घटनाओं को अंजाम*
*वर्तमान समय में झारखंड की स्थिति भयावह और असुरक्षित,आम जनता व व्यापार जगत के लिए चिंताजनक – राजेश अग्रवाल*
*साहिबगंज*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि वर्तमान समय में झारखंड राज्य की स्थिति भयावह और असुरक्षित बनती जा रही है| यह स्थिति न केवल आम नागरिकों के लिए ही नहीं व्यापार जगत के लिए भी अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बेखौफ अपराधियों के द्वारा झारखंड में हर दूसरे तीसरे दिन छिनतई, लूटपाट ठगी और हत्याकांड जैसी घटना को अंजाम दिया जा रहा है। किसी भी राज्य की राजधानी उसके विकास का पैमाना तय करती है, लेकिन झारखंड में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और अपराधी बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
अपराधियों के बढ़ते मनोबल के कारण झारखंड की आम जनता और व्यापारी भयभीत है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी और झारखंड के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक को इसकी चिंता करने की आवश्यकता है। झारखंड के किसी भी जिले में घटित घटना पर जिले के पुलिस अधीक्षक और थाना स्तर पर पदस्थापित पुलिस कर्मियों को ज्यादा जवाबदेह बनाया जाना बहुत ही जरूरी है। अपराधियों के बढ़ते मनोबल के कारण वर्तमान परिवेश में व्यापारियों को व्यापार करना बहुत ही मुश्किल हो गया है|
पिछले एक महीने में राज्य की राजधानी रांची में तीन व्यापारियों की हत्या होना राज्य की कानून व्यवस्था पर बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। कल भी राज्य की राजधानी रांची में एक और व्यापारी की निर्मम हत्या की खबर ने राज्य के सभी व्यापारिक संगठनों को झकझोर कर रख दिया है। व्यापारी, व्यापार और उद्योग किसी भी देश और राज्य की रीढ़ होते हैं उसके बिना ना तो देश का विकास संभव है और नहीं राज्य का विकास संभव है। यदि व्यापारी ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो किसी भी देश और राज्य का आर्थिक ढांचा खत्म हो जाएगा।
कहा कि हम सभी राज्य के जिला चैंबर की सामूहिक जिम्मेदारी है कि राज्य में बढ़ते अपराध की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र लिखकर स्पष्ट शब्दों में कहे कि राज्य मे हो रही अपराध की घटनाओं पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम करें। उन्होंने बीते शुक्रवार को राज्य की राजधानी रांची में हुई व्यापारी की निर्मम हत्या पर रोष प्रकट करते हुए घटना की निंदा की।
