*मसलिया प्रखंड में निर्धारित नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण*
*ग्रामीणों ने लगाया निर्माण कार्य में घटिया व निम्न स्तरीय निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप*
*मसलिया(दुमका)*
*रिपोर्ट – कुमार विक्रम*
मसलिया प्रखंड में मासूम बच्चों के लिए बनाएं जा रहे आंगनबाड़ी केंद्रों में सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है| निर्माण कार्य में घटिया व निम्न स्तरीय सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है| प्रखंड के हरोरायडीह पंचायत स्थित आनंद पहाड़ी में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई महीनों से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक यह पूर्ण नहीं हुआ।
भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है| हालांकि कॉलम में प्राक्कलन के अनुसार 10-12 मिमी के सरिए (छड़) का ही प्रयोग किया गया है| कुछ स्थानों पर गिट्टियाँ हाथ से निकल रही हैं| ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मिट्टी युक्त लोकल बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है एवं ईंट भी निम्न स्तरीय लगायी जा रही है, जिससे इसकी कमजोर गुणवत्ता स्पष्ट हो रही है।
*निर्माण स्थल पर नहीं लगाया गया सूचना पट्ट*
इसके अलावा, कार्यस्थल पर अनिवार्य सूचना पट्ट तक नहीं लगाया गया है, जिससे पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। यह स्थिति न केवल सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है, बल्कि आँगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों और लाभार्थियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न कर सकती है।
आँगनबाड़ी केंद्र निर्माण में अनियमितताओं और कार्य में देरी के कारण स्थानीय बच्चों और महिलाओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निर्धारित समय पर निर्माण पूरा नहीं होने से आँगनबाड़ी केंद्र का संचालन कला संस्कृति भवन में किया जा रहा है, जिससे वहां की मूल गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं। निर्माण कार्य में लापरवाही, बजट में गड़बड़ी और विभागीय उदासीनता के चलते बच्चों को उचित पोषण और शिक्षा सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्थानीय लोगों ने इस देरी पर नाराजगी जताई है और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की है, ताकि आँगनबाड़ी केंद्र अपनी सही जगह पर संचालित हो सके।
