*कभी अमेरिका का हिस्सा नहीं बनेंगे; शपथग्रहण समारोह में कनाडा के पीएम कार्नी की ट्रंप को दो टूक*
*नई दिल्ली*
*अभिषेक दीक्षित की रिपोर्ट*
कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल की शुरुआत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पलटवार करते हुए की। उन्होंने अपने उत्तरी पड़ोसी देश मे शामिल होने को लेकर बार-बार मिल रहीं धमकियों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। जस्टिन ट्रूडो की जगह कनाडा के 24वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद कार्नी ने कहा कि ट्रंप के टैरिफ का सामना करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कार्नी ने कहा कि हम कभी भी, किसी भी तरह से, अमेरिका का हिस्सा नहीं बनेंगे। अमेरिका, कनाडा नहीं है। हम मूल रूप से एक अलग देश हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी सरकार एक दिन वाशिंगटन के साथ मिलकर दोनों देशों के हितों को आगे बढ़ाएगी। सरकार के अधिकारियों ने कहा कि वे आने वाले दिनों में ट्रंप और कार्नी के बीच फोन के जरिए बातचीत कराने की कोशिशों में लगे हुए हैं। दरअसल, जनवरी में ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद से ही अमेरिका और कनाडा के रिश्तों में तल्खी आ गई है। ट्रंप की ओर से ट्रेड वॉर छेड़ने और कनाडा से 51वां अमेरिकी राज्य बनने की चेतावनी के बाद से ये रिश्ते और तनावपूर्ण हो गए हैं।
*फ्रांस और ब्रिटेन का दौरा करेंगे कार्नी*
कार्नी ने कहा कि वह आने वाले दिनों में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से मिलने के लिए दोनों देशों की यात्रा करेंगे। उन्हें दोनों देशों से निमंत्रण मिला है। कनाडा के नए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें अपने व्यापार भागीदारों में विविधता लानी चाहिए और ऐसा करते हुए अपनी सुरक्षा को मजबूत करना होगा।
*कनाडा के चुनावी समीकरण*
इस साल संभावित चुनाव में सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी पर हार का संकट मंडरा रहा है, लेकिन ट्रंप ने शुल्क के रूप में आर्थिक युद्ध की घोषणा कर दी और पूरे देश को 51वें प्रांत के रूप में अमेरिका में मिलाने की चेतावनी दी। अब इन बदले समीकरण के चलते लिबरल पार्टी को चुनाव में बढ़त मिलने के दावे किए जा रहे हैं। ट्रंप ने कनाडा के इस्पात और एल्युमीनियम पर 25 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है और दो अप्रैल से सभी कनाडाई उत्पादों पर भारी शुल्क लगाने की घोषणा की है।
*कार्नी सरकार के नए मंत्रिमंडल ने भी ली शपथ*
शुक्रवार को कार्नी सरकार के नए मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाई गई है। एफ. फिलिप शैम्पेन कनाडा के नए वित्त मंत्री बन गए हैं। मेलानी जोली को विदेश मंत्री के रूप में बरकरार रखा गया है। क्रिस्टिया फ्रीलैंड को परिवहन और आंतरिक व्यापार मंत्री बनाया गया है। फ्रीलैंड पूर्व उप प्रधानमंत्री हैं, जो लिबरल पार्टी के नेतृत्व की दौड़ में कार्नी से पिछड़ गई थीं।
