*बासुकीनाथ के फौजदारी दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद*
*आगंतुक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से व्यवस्था पर भारी दिखी भोलेनाथ के भक्तों की आस्था*
*बासुकीनाथ(दुमका)*
रविवार फाल्गुन कृष्णपक्ष चतुर्थी तिथि को बाबा बासुकीनाथ के फौजदारी दरबार में पूजा अर्चना के लिए देश विदेश से हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार को प्रातः चार बजे से संध्या पांच बजे तक हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ से बासुकीनाथ मंदिर परिसर दिन भर पट सा गया। आगंतुक श्रद्धालुओं के भारी भीड़ के कारण व्यवस्था पर दिन भर आस्था हावी रही। श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिन भर बनी रही ।
रविवार को बासुकीनाथ मंदिर में कई वी आई पी भी पूजा अर्चना करने पहुंचे । वी आई पी सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बासुकीनाथ मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। जिससे आगंतुक आम श्रद्धालुओं को थोड़ी परेशानी हुई| श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराया गया।
भीड़ के कारण श्रद्धालुओं में कई दफा अफरातफरी का माहौल सा बना। लेकिन बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के कारण आगंतुक श्रद्धालुओं को नियंत्रित कर सुगमता पूर्वक पूजा अर्चना करायी गयी।
