*मधुपुर में बम मारकर शिक्षक की हत्या,आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन से की 72 घंटे में अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग*
*मधुपुर(देवघर)*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
देवघर जिले में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है| गुरुवार बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बम मारकर एक शिक्षक की हत्या कर दी| घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है|
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिक्षक संजय दास अपनी स्कूटी से किसी काम में जा रहे थे| इसी दौरान पिपरासोल के पास पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने शिक्षक पर बम फेंक दिया| जिससे उनकी मौत हो गई|
*आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम*
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पिपरासोल के समीप सड़क जाम कर दिया| घटना की जानकारी मिलते ही मधुपुर एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग सुनने को तैयार नहीं थे| आक्रोशित लोग 72 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं|
घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता दिनेश्वर किस्कू ने बताया कि इस घटना ने पूरे मधुपुर के लोगों को झकझोर कर रख दिया है| उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है|
मामले में स्थानीय निवासी राजेश दास ने बताया कि मधुपुर में बेखौफ अपराधी लगातार बमबाजी और गोलीबारी की घटना को अंजाम दे रहे हैं| अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं है| दिनदहाड़े बम मारकर शिक्षक की हत्या कर अपराधी फरार हो गए|
मामले में मंत्री हफीजुल हसन के भाई साबिर हसन ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है| इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम होगी| उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि 72 घंटे के अंदर अपराधी सलाखों के पीछे होंगे| वहीं घटना के बाद भाजपा और झामुमो के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे हुए हैं|
मामले में मधुपुर के एसडीपीओ ने कहा कि अभी घटना के संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है| उच्च अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं|पुलिस पूरी तत्परता से छानबीन कर रही है|
