*भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने कार्यकर्ताओं संग रामगढ़ प्रखंड में चलाया धुआंधार जनसंपर्क अभियान*
*युवा विरोधी गठबंधन सरकार से यहां की जनता उब चुकी है, इस बार बदलाव निश्चित है – सुरेश मुर्मू*
*रामगढ़(दुमका)*
*रामगढ़ ब्यूरो की रिपोर्ट*
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगा है। प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने अपने पक्ष में मतदान करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में शनिवार को जामा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने रामगढ़ में ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान चलाया| भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने जनसंपर्क की शुरुआत गंगवारा पंचायत से की|
अभियान के दौरान गंगवारा आदिवासी टोला में काफी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने कार्यकर्ताओं संग गंगवारा के बाद छोटी रणबहियार, सुंडी गम्हरिया, बड़ी रणबहियार, बदरा के बाद शाम में रामगढ़ बाजार में डोर टू डोर संपर्क कर जनता का आशीर्वाद लिया। जहां काफी गर्मजोशी के साथ कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रत्याशी का स्वागत किया। सुरेश मुर्मू ने कहा कि जामा विधानसभा की जनता ने इस बार पूरी तरह से भाजपा को जिताने का मन बना लिया है। युवा विरोधी गठबंधन सरकार से यहां की जनता उब चुकी है। इस बार बदलाव निश्चित है।
