Skip to content

रामगढ़ में जयराम महतो ने साधा झारखण्ड सरकार समेत इंडी गठबंधन एवं एनडीए पर निशाना*

   सरकार में शामिल नेताओं और मंत्रियों पर लगाया अपने और अपने परिवार के लिए आरक्षण निति बनाने का आरोप

*झारखंड में कोई भी नेता पेपर लीक के सवाल पर कुछ बोलने को तैयार नहीं;आखिर कब तक ठगा जाएगा यहां का युवा – जयराम महतो*

*रामगढ़(दुमका)*


   लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो जयराम महतो ने रामगढ़ के मयूर नाथ स्थित कर्मा मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों से दुमका लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी बेबी लता टुडू के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

  इससे पहले उन्होंने ठाड़ी मोड़ से कन्हारा, नौखेता, सिंदुरिया एवं रामगढ़ में रोड शो भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने झारखंड सरकार के साथ साथ एनडीए तथा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों पर भी जमकर निशाना साधा। जयराम महतो ने कहा कि करीब 35 वर्षों से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी नलिन सोरेन सक्रिय राजनीति में हैं। सात बार विधायक रहे मगर उनके क्षेत्र में आज भी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।

   सभी नेताओं ने सिर्फ परिवार वाद की राजनीति की है। किसी ने भी झारखंड की जनता तथा यहां के युवाओं के लिए नहीं सोचा। नियोजन निति तथा आरक्षण पर भी जयराम ने झारखंड सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार में शामिल नेताओं और मंत्रियों ने अपने और अपने परिवार के लिए आरक्षण निति बनायी है।

   पहले शिबू सोरेन फिर हेमंत सोरेन, सीता सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन अब सीता सोरेन की बेटियां भी विधायक बनने की तैयारी कर रही है। कभी यहां के लोगों को मौका नहीं दिया गया। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा अगर चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचती है तो निश्चित रूप से झारखंड की आवाज संसद में सुनाई देगी।

  उन्होंने कहा की नियोजन नियमावली नहीं बनने के कारण यहां के युवा अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।वर्षों तक तैयारी करके युवा जेपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षा देते हैं। मगर पता चलता है कि पेपर लीक हो गया। झारखंड में कोई भी नेता पेपर लीक के सवाल पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। आखिर कब तक यहां का युवा ठगा जाएगा। पेपर लीक में शामिल आरोपी पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

   उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनाने में निश्चित रूप से शिबू सोरेन का अहम योगदान रहा है, मगर राज्य अलग होने के बाद एक ही परिवार के लोग इस पर राज करें यह कदापि मंजूर नहीं है। जल जंगल जमीन की रक्षा के लिए झारखंड राज्य अलग हुआ मगर यहां खनिज संपदा की लूट मची हुई है रोजगार के अभाव में यहां के बेरोजगार युवा अन्य प्रदेशों में पलायन कर रहे हैं।

   नेताओं को गरीबों के स्वास्थ्य शिक्षा ओर रोटी की चिंता नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने तथा कल्पना सोरेन की जनसभा में जेल का फाटक टूटेगा जैसे नारे लगाए जाने पर कहा कि हेमंत सोरेन अगर निर्दोष है तो झारखंड की जेलों में सैकड़ों निर्दोष बंद है उनके लिए जेल का ताला खोलने का प्रयास क्यों नहीं किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने आगामी 1 जून को अपना एक एक मत पार्टी प्रत्याशी बेबी लता टुडू के पक्ष में देने की अपील करते हुए उन्हें विजयी बनाने का अनुरोध किया। कार्यक्रम को पार्टी प्रत्याशी सहित अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

https://emtvlive.in

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *