*मसलिया के विभिन्न गांवों में श्रद्धा व उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा सम्पन्न*
*मसलिया(दुमका)*
बुधवार को मसलिया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्रद्धा और उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक स्वरूप बनाकर उसे सजाया और पूजा की।
सुबह से ही महिलाएं व बच्चे पूजा की तैयारी में जुटे रहे। क्षेत्र के मसलिया, सिरमाकाजल, बास्कीडीह, गुमरो, गोलबंधा, बरमसिया, बसकीडीह और आस्ताजोड़ा सहित दर्जनों गांवों में लोगों ने विधिवत पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण कर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी। कई जगहों पर बच्चों ने पारंपरिक गीत गाकर पर्व का आनंद लिया। ग्रामीणों का मानना है कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अहंकार को चूर करने और गोवर्धन पर्वत को धारण कर गांववासियों की रक्षा करने की स्मृति में मनाया जाता है।
इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा। घरों और आंगनों में रंगोली सजाई गई तथा पूजा के उपरांत सामूहिक भोज का भी आयोजन हुआ। गोवर्धन पूजा के साथ ही दीपावली पर्व का समापन हुआ और ग्रामीणों ने अगले दिन होने वाले भैया दूज की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।



