*सीतपहाड़ी गांव के समीप असामाजिक तत्वों ने किया पेयजलापूर्ति पाइप को क्षतिग्रस्त, प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद*
*मसलिया(दुमका)*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आमजनों की सुख सुविधा एवं उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। सरकार को लगता है कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजनों को सहूलियत होगी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लोगों की इन सुख सुविधाओं में खलल डालते रहते हैं। ताजा मामला मसलिया प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र कठलिया पंचायत के सीतपहाड़ी गांव के पास का है। जहां गांव के सीतपहाड़ी मकरमपुर सड़क के किनारे पहाड़ी के नीचे असामाजिक तत्वों के द्वारा पेय जलापूर्ति पाइप को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे विगत 12 दिनों से लगातार पानी सड़क पर बह कर बर्बाद हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पाइप को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि समाज के सिरफिरे व घटिया लोगों ने जानबूझकर पत्थर से मार- मारकर पर लोहे की पाइप को क्षतिग्रस्त कर दिया है। बहरहाल जब-जब ग्रामीणों के लिए मकरमपुर जलापूर्ति से पानी छोड़ा जाता है, तब तब यहां कुछ उपद्रवियों द्वारा ऐसा कृत्य कर दिया जाता है जिससे ग्रामीणों को पानी मिलने से ज्यादा पानी बर्बाद हो जाता है।
इस संदर्भ में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता मुकुल कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि जल्द ही जलापूर्ति पाइप के लीकेज को बंद करवा दिया जाएगा| विभाग पानी की बर्बादी नहीं होने देगा।
दरअसल पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से पूर्व में बिछाए गए जलापूर्ति पाइप को जमीन के अंदर नहीं किया गया है, जिस कारण पाइप बाहर से ही दिख रहा है।जिससे असामाजिक तत्व आसानी से पाइप को क्षतिग्रस्त कर देते है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पाइप अंडरग्राउंड रहती तो शायद पाइप को क्षतिग्रस्त करने में असामाजिक तत्व सफल नहीं होते। जलापूर्ति की पाइप को अंडरग्राउंड कर देना चाहिए था।
