*साहेबगंज में सीएम हेमंत सोरेन पर बरसे गृह मंत्री अमित शाह, झारखंड सरकार को बताया देश की सबसे भ्रष्ट सरकार*
*साहेबगंज*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने झारखंड के साहिबगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने झारखंड सरकार को देश में सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि आज झारखंड भाजपा अपनी परिवर्तन यात्रा शुरू कर रही है। यह यात्रा झारखंड के गांव-गांव तक जाएगी और बदलाव का संदेश देगी। हमें इस भ्रष्ट सरकार को हटाना है और भ्रष्टाचार रोकने वाली सरकार लानी है।
*धीरज साहू के घर से बरामद पैसे किसके हैं?*
राज्य की हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि क्या आप लोगों ने कभी 350 करोड़ रुपये देखे हैं? अगर आप भाजपा की वेबसाइट देखें तो आपको वह घटना दिखाई देगी जब कांग्रेस नेता धीरज साहू के घर से 350 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। मैं हेमंत सोरेन से पूछना चाहता हूं कि क्या वह राशि धीरज साहू की है? नहीं, यह संथाल के गरीब युवाओं का पैसा था।
*घुसपैठिए JMM, कांग्रेस और RJD के वोट बैंक*
विपक्षी गठबंधन इंडिया पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि घुसपैठिए लालू यादव की पार्टी, झामुमो और राहुल बाबा की कांग्रेस के वोट बैंक हैं। वे अपने वोट बैंक के डर से घुसपैठ नहीं रोकते, हमारे राज्य में, संथाल में, घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है और वे आदिवासियों की संख्या से अधिक हैं, हेमंत सोरेन ने हर साल 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, क्या उन्होंने वह दिया?
*अमित शाह ने किया सिद्धू कान्हु को नमन*
साहिबगंज में जनसभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संथाल में ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज उठाने वाले सिद्धू-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यापर्ण भी किया। सिद्धू-कान्हू ने ही संथाल विद्रोह का नेतृत्व किया था।
