चुनाव ड्यूटी में देवघर गए जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा के चौकीदार की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत
हंसडीहा(दुमका)
दीपक कुमार की रिपोर्ट
चुनाव ड्यूटी में देवघर गए हंसडीहा थाना क्षेत्र के खुहटन गांव निवासी शिशुपाल कुंवर की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई।
शिशुपाल जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा में चौकीदार के पद पर पदस्थापित थे। दरअसल लोकसभा चुनाव को लेकर शिशुपाल की ड्यूटू देवघर जिले के सारवां प्रखंड स्थित राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय(बालक) बूथ संख्या 189 में पड़ी थी।
शिशुपाल अपनी टीम के साथ शुक्रवार को मतदान केंद्र पहुँचे थे, शनिवार सुबह मॉक पोल की तैयारी के दौरान शिशुपाल की तबियत अचानक बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए।
तत्पश्चात उनके सहकर्मी द्वारा शिशुपाल की तबियत बिगड़ने की जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी गई।जिसके तुरंत बाद एम्बुलेंस की मदद से शिशुपाल को ईलाज के लिए देवघर पहुँचाया गया।
आज रविवार को देवघर में ईलाज के क्रम में शिशुपाल ने दम तोड़ दिया।वहीं शिशुपाल के परिजनों द्वारा जानकारी के अभाव में शव को पोस्टमार्टम कराए बिना देवघर से जवाहर नवोदय विद्यालय हंसडीहा ले आया गया।जहां विद्यालय प्रबंधन द्वारा मामलें की जानकारी वरीय अधिकारी को दी गई।
जिसके बाद सहायक अवर निरीक्षक बीएन सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया ।
