*पुलिसिया सख्ती के बाद जामताड़ा के साइबर अपराधियों ने अपनाया ठगी का नया तरीका*
*जामताड़ा के साइबर अपराधी अब विदेश में मौजूद जालसाजों व सहयोगियों की मदद से कर रहे हैं ठगी – जयंती सिंह*
*जामताड़ा*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
देश भर में साइबर अपराध के लिए झारखंड का जामताड़ा जिला सबसे ज्यादा चर्चित रहा है। साइबर अपराधियों पर लगातार की जा रही पुलिसिया सख्ती एवं धर-पकड़ के बाद जामताड़ा के साइबर अपराधियों ने भी ठगी का तरीका बदल लिया। अब साइबर अपराधी विदेश में मौजूद जालसाजों व सहयोगियों की मदद से ठगी कर रहे हैं।
जामताड़ा की युवा पत्रकार जयंती सिंह ने मामले में गहन छानबीन के बाद बताया कि हाल के दिनों में जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने अपराधियों को पकड़ना शुरू किया तो चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं।जिस वेबसाइट से ठगी हुई उनके सर्वर का आईपी एड्रेस जापान, दुबई, हांगकांग, चीन, फिलीपींस, ताइवान, वियतनाम और कंबोडिया का पाया गया।
इतना ही नहीं पैसे के ट्रांजेक्शन के लिए अब साइबर अपराधी दूसरे राज्यों में बैंक एकाउंट खोल रहे है। इसका मकसद है कि पुलिस एकाउंट को जल्दी ट्रेस नहीं कर पाए कि पैसा कहां ट्रांसफर हुआ है। ऐसे में विदेश में जाकर इन साइबर अपराधियों को पकड़ना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रही है। साथ ही ठगी किए गए पैसे को रिकवरी करना भी साइबर थाना पुलिस के लिए बहुत मुश्किल साबित हो रहा है।
