*चतरा पुलिस ने टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के सबजोनल कमाण्डर एवं सक्रिय सदस्य को किया ढेर,एक गिरफ्तार*
*जिला बल के जवान सुकन राम एवं सिकन्दर सिंह को एम्बुस लगाकर मारने की घटना में शामिल था सब जोनल कमाण्डर*
*चतरा, हजारीबाग एवं अन्य क्षेत्रों में सबजोनल कमाण्डर ने बना रखा था भय व आतंक का माहौल*
*घटनास्थल से एके- 47, देशी कट्टा, जिंदा गोली, मिस फायर गोली, खोखा, मोटरसाईकिल समेत मोबाईल फोन बरामद*
*चतरा*
*ब्यूरो रिपोर्ट*
गुरुवार को टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के सबजोनल कमाण्डर और सक्रिय दस्ता सदस्य को चतरा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया। मृतक उग्रवादियों में संगठन का सबजोनल कमांडर हरेन्द्र गंझू उर्फ रामदास भोक्ता उर्फ सुरेश गंझू उर्फ धुमेश्वर गंझू उर्फ नेता जी, पिता बुधन गंझू ग्राम कारी देवरिया, पोस्ट मोकतमा, थाना सदर और सक्रिय दस्ता सदस्य ईश्वरी गंझू उर्फ घुटारी गंझू, पिता स्व. भुवाली गंझू, ग्राम भुटकुईया, कारीमांडर, थाना कुंदा शामिल हैं। जबकि पुलिस ने एक उग्रवादी को गिरफ्तार भी किया है।
गिरफ्तार उग्रवादी गोपाल गंझू, पिता चोखन गंझू, उर्फ पेरू गंझू वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के गुबे गांव का रहने वाला है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक एके- 47, एक देशी कट्टा, एके 47 का तीन जिंदा गोली, एक मिस फायर गोली, खोखा, एक मोटरसाईकिल, चार मोबाईल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि झारखण्ड सरकार ने राज्य को नक्सल मुक्त राज्य बनाने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए नक्सली संगठनों के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई की जा रही है और इस दिशा में पुलिस को नक्सली संगठनों के विरूद्ध निरंतर सफलताएं भी मिल रही है।
इसी क्रम में चतरा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि प्रतिबंधित टीएसपीसी उग्रवादी संगठन का सबजोनल कमाण्डर हरेन्द्र गंझु अपने दस्ता सदस्यों के साथ सदर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगरदाहा जंगली क्षेत्र में भ्रमणशील है तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन हेतु चतरा अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल के द्वारा त्वरीत कार्रवाई करते हुए सघन छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम गनियोतरी के जंगली क्षेत्र में उग्रवादी दस्ता के साथ मुठभेड हो गई, जिसमें टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के सब-जोनलन कमाण्डर हरेन्द्र गंझु एवं दस्ता सदस्य ईश्वरी गंझू उर्फ घुटारी गंझु मुठभेड़ में मारा गया। वर्तमान में सर्च अभियान जारी है।
*पुलिस महानिदेशक ने कहा- नक्सलियों का हो रहा सफाया, अफीम का दाग़ मिटाने के लिए पुलिस चलाएगी स्पेशल ड्राईव*
चतरा पुलिस को टीएसपीसी नक्सलियों के विरोध सफलता मिलने के बाद नक्सल विरोधी अभियान में निकली पुलिस की टीम और जवानों के हौसला अफजाई के लिए डीजीपी अनुराग गुप्ता और डीआईजी सुनील भास्कर चतरा पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त रमेश घोलप और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय की मौजूदगी में पुलिस महानिदेशक और डीआईजी को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात समाहरणालय सभाकक्ष में पुलिस पदाधिकारी के साथ आयोजित बैठक में पुलिस महानिदेशक और डीआईजी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि चतरा सहित झारखंड पुलिस को टीएसपीसी नक्सलियों के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान चतरा पुलिस ने टीएसपीसी के सबजोनल कमांडर हरेन्द्र गंझू और दस्ते में शामिल इश्वरी गंझू को एनकाउंटर में मार गिराया है। जबकि पुलिस की टीम ने दस्ते में शामिल एक अन्य नक्सली गोपाल गंझू को गिरफ्तार किया है। यह एनकाउंटर सदर थाना क्षेत्र के गनियोतरी जंगल में हुआ। उन्होंने बताया कि अफीम का दाग़ मिटाने के लिए पुलिस स्पेशल ड्राईव चलाएगी और नशा मुक्त क्षेत्र बनाने का कार्य किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस पदाधिकारी और जवानों को हौसला अफजाई की तथा निरंतर इस तरह की कार्रवाई करने की नसीहत दी।
*सबजोनल कमांडर का आपराधिक इतिहास*
टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के सबजोनल कमांडर हरेन्द्र गंझू उर्फ रामदास भोक्ता उर्फ सुरेश गंझू उर्फ घुमेश्वर गंझू उर्फ नेता जी के विरुद्ध चतरा जिले के सभी थानों और हजारीबाग जिले के केरेडारी और विष्णुगढ़ थाने में 28 मामले दर्ज हैं। जिसमें आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट साहित्य विभिन्न धाराएं शामिल है।
*दस्ता के सक्रिय सदस्य ईश्वरी एवं गिरफ्तार गोपाल का अपराधिक इतिहास*
टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के दस्ता सक्रिय सदस्य ईश्वरी गंझू उर्फ घुटारी गंझू के विरुद्ध लावालौंग, कुंदा और सदर थाना में आर्म्स एक्ट सीएलए एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। जबकि गिरफ्तार उग्रवादी गोपाल सिंह भोक्ता उर्फ गोपाल गंझू उर्फ विनय जी के विरुद्ध राजपुर, वशिष्टनगर, ईटखोरी, कुंदा, लावालौंग और सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
*पुलिस की भाकपा माओवादी एवं टीएसपीसी संगठन से अपील*
चतरा पुलिस नक्सलियों से अपील है कि नक्सलियों का समय खत्म हो चुका है। ये किसी न किसी दिन पुलिस की गोली का शिकार होगें। वे हिंसावादी विचारधारा को छोड़कर झारखण्ड सरकार के आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की “नई दिशा” का लाभ लेकर मुख्य धारा से जुड़े अन्यथा कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार ररहें। सभी नक्सली सरकार द्वारा दी जा रही इस सुविधा का लाभ उठायें एवं नक्सलवाद विचारधारा को त्याग कर मुख्यधारा में शामिल हों।
